• जिला के करीब 19.74 लाख योग्य लोगों को खिलाई जाएगी दवा
• 1021 टीम घर-घर जाकर खिलाएगी दवा
सासाराम। जिला में 10 फरवरी 2026 से शुरू होने वाले एमडीए कार्यक्रम के पहले विभिन्न गतिविधियों के संपादन के लिए बुधवार को एक दिवसीय जिलास्तरीय टीओटी का आयोजन सदर अस्पताल परिसर स्थित मातृ एवं शिशु अस्पताल के पांचवी मंजिल में आयोजित किया गया. कार्यशाला में सासाराम शहरी सहित 12 प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, प्रखंड समुदाय समंवयक एवं वीबीडी कर्मी शामिल रहे.कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बी. के. पुष्कर ने कहा कि हम सभी लोगों को प्रस्तावित दवा सेवन अभियान की सफलता के लिए भी काम करना है. उन्होंने कहा कि सभी योग्य व्यक्तियों को अगर अच्छे से समझाया जाएगा तो वह जरुर दवा खाएंगे. उन्होंने कहा कि मेहनत और सामूहिक सहभागिता से जिला को फ़ाइलेरिया मुक्त बनाने का सपना जल्द साकार होगा.

19,74,707 लोगों को खिलाई जाएगी दवा
टीओटी को संबोधित करते हुए वेक्टर रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. जयप्रकाश गौतम ने कहा कि अभियान के दौरान करीब 19,74, 707 योग्य व्यक्तियों को दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए 1021 टीम का गठन किया गया है जो 4,22,397 लक्षित घरों में जाकर लोगों को दवा खिलाएगी. उन्होंने बताया कि 17 दिवसीय अभियान में पहले 14 दिनों तक ड्रग एडमिनिसट्रेशन टीम द्वारा घर-घर जाकर लोगों को दवा खिलाई जाएगी. इसके बाद अगले तीन दिनों तक स्कूलों एवं सार्वजनिक स्थानों में बूथ लगाकर बच्चों एवं लोगों को दवा खिलाई जाएगी. जिला के सासाराम शहरी, अकोढ़ीगोला, चेनारी, करगहर, कोचस, नौहट्टा, नोखा, राजपुर, रोहतास, शिवसागर, सुर्यपुरा एवं तिलौथु प्रखंडों में दवा का सेवन कराया जायेगा.
टीम के सामने खानी है दवा
वेक्टर रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ अरुण कुमार, जोनल कोऑर्डिनेटर, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बताया कि अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक जागरूकता के लिए अभियान चलाया जायेगा. अभियान के दौरान योग्य व्यक्तियों को निर्धारित मानक अनुसार डीईसी, अल्बेंडाजोल और आईवरमेक्टिन की दवा खिलाई जाएगी. कार्यक्रम में छूटे हुए घरों में कर्मियों द्वारा पुनः भ्रमण कर दवा खिलाई जाएगी. खाली पेट दवा का सेवन नहीं किया जाना है. दवा स्वास्थ्य कर्मियों के सामने ही खाना जरूरी है, यह कार्यक्रम सभी अंतर्विभागीय सहयोग के साथ किया जाएगा जिसमें आईसीडीएस, पंचायती राज, जीविका, शिक्षा विबाह आदि का सहयोग लिया जाएगा. इस प्रशिक्षण में अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बी. के. पुष्कर, डॉ अरुण कुमार, जोनल कोऑर्डिनेटर, विश्व स्वास्थ्य संगठन, डॉ. सभा सुंदर, एसएचओ, विश्व स्वास्थ्य संगठन, वीडीसीओ जयप्रकाश गौतम, गौरव कुमार, रौशन कुमार सिंह, जिला प्रतिनिधि पीरामल स्वास्थ्य, हेमंत कुमार, पीओसीडी कृष्णकांत चौबे, सायन विश्वास, सिफार से विशाल कुमार, सरोज दुबे एवं मलेरिया, फाइलेरिया विभाग के अन्य कर्मी मौजूद थे







