तेलंगाना। तेलंगाना के निर्मल जिले में भैंसा कस्बे के पास मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कंटेनर लॉरी से टकरा गई। पुलिस के अनुसार, कार में सवार सभी लोग हैदराबाद से अपने गांव की ओर लौट रहे थे। वे कुभीर मंडल के कुप्ती गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। जैसे ही कार भैंसा बस डिपो के समीप पहुंची, चालक का वाहन पर से नियंत्रण बिगड़ गया और कार सीधे कंटेनर लॉरी से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
इस हादसे में भोजराम पटेल (42), राजन्ना (60), बबन्ना (70) और कार चालक विकास (35) की मौत हो गई। वहीं दो अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।







