Home बिहार सभी सरकारी पदाधिकारी सोमवार और शुक्रवार को आमलोगों की शिकायतों का निष्पादन...

सभी सरकारी पदाधिकारी सोमवार और शुक्रवार को आमलोगों की शिकायतों का निष्पादन करेंगे: जिलाधिकारी

192
0

भागलपुर। बिहार में भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी ने शनिवार को कहा है कि सभी सरकारी कार्यालयों में संबंधित पदाधिकारी प्रत्येक सप्ताह के दो कार्य दिवस सोमवार एवं शुक्रवार को जिले के सभी ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल और जिले में आमलोगों की शिकायतों का निष्पादन करेंगे। श्री चौधरी ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि भागलपुर जिले के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों में कमी लाने के उद्देश्य से राज्य सरकार के ‘सात निश्चय’ के तहत सबका सम्मान – जीवन आसान” कार्यक्रम को आज से शुरु किया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसा देखा गया है कि आम लोग अपनी समस्या को लेकर जब सरकारी कार्यालय पहुंचते हैं तो अधिकारी वहां उपस्थित नहीं रहते है,जिसके कारण उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस समस्या को देखते हुए और संबंधित कार्यों में उत्पन्न कठिनाईयों को दूर करने के लिए इस कार्यक्रम की शुरुआत कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। डॉ. चौधरी ने बताया कि निर्धारित दोनों दिवसों पर सभी संबंधित पदाधिकारी अपने कार्यालय में उपस्थित होकर लोगों से सम्मान पूर्वक मिलेंगे और उनकी शिकायतों को संवेदनशीलता से सुन कर उसका त्वरित निराकरण करेंगे।इस दौरान यदि संबंधित पदाधिकारी कार्यालय में नहीं रहते है तो उनके स्थान पर उनकी तरफ से अधिकृत पदाधिकारी कार्यों का निष्पादन करेंगे।

GNSU Admission Open 2026

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले भर के सभी सरकारी कार्यालयों में आमलोगों (आगुंतकों)को सम्मान पूर्वक बैठाने और मिलने के साथ साथ उनके लिए जरुरी सुविधाएं जैसे पेयजल, शौचालय आदि की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा आगुंतकों से प्राप्त शिकायतों को पंजीकृत किया जाएगा और उनकी सुनवाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। श्री चौधरी ने बताया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता वाले इस कार्यक्रम से आमलोगों की समस्याओं के निदान के लिए जिला प्रशासन संकल्पित है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के दौरान आमलोगों की कठिनाईयों को नजरअंदाज करने की स्थति में संबंधित पदाधिकारी दंडित किये जायेंगे। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने इस कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिले के सभी थानों और पुलिस अधिकारियों के कार्यालय में आमलोगों की शिकायतों को प्राथमिकता दी जाएगी और दोनों निर्धारित दिनों पर शिकायतों का निष्पादन किया जायेगा।

GNSU Admission Open 2026