पटना: बिहार में कश्मीर से ज्यादा ठंड पड़ रही है। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम पारा गिरकर चार डिग्री तक चला गया। भागलपुर के सबौर का न्यूनतम तापामन 4.4 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि कश्मीर का न्यूतनम तापमान पांच डिग्री और जम्मू का न्यूनतम तापमान आठ डिग्री रहा। मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि अगले पांच दिनों तक यही स्थिति रहेगी। ठंड और बढ़ेगी। तापमान में चार डिग्री तक गिरावट आ सकती है। इतना ही नहीं कई जिलों में घना कोहरा भी वाहन चालकों को परेशान करेगा। बुधवार को पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, गया, मधुबनी, दरभंगा समेत कुछ जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों में राज्य का अधिकतम तापमान 14.1 से 19.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम अधिकतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस मधेपुरा में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया।
वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो सबसे कम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस सबौर (भागलपुर) में दर्ज किया गया। राज्य में न्यूनतम तापमान 4.6 से 9.5 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। ठंड बढ़ने से लोगों को सुबह और रात के समय काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि कोहरे ने भी परेशानी बढ़ा दी है। सबसे कम दृश्यता 40 मीटर वाल्मीकि नगर (पश्चिम चंपारण) में दर्ज की गई। कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन कोहरे से राहत की संभावना नहीं है। अगले एक सप्ताह के दौरान राज्य के अनेक स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा, जबकि न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट दर्ज की जा सकती है। ऐसे में लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सबसे कम तापमान सबौर (भागलपुर) में 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा। शेखपुरा में 5.2 डिग्री, गया में 6.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
छपरा में 7.2 डिग्री, पूर्णिया में 8.1 डिग्री, किशनगंज में 8.5 डिग्री, नालंदा के राजगीर में 8.8 डिग्री और मुंगेर में 8.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। मुजफ्फरपुर में 9.1 डिग्री, वैशाली में 9.2 डिग्री, दरभंगा में 9.4 डिग्री, रोहतास के डेहरी में 9.4 डिग्री, अरवल में 9.5 डिग्री, सुपौल में 9.6 डिग्री, सीवान के जीरादेई में 9.7 डिग्री और पटना में 9.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। मधुबनी में 10.0 डिग्री, औरंगाबाद में 10.2 डिग्री और पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर में 10 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जबकि किशनगंज में तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। कुल मिलाकर राज्य में ठंड का असर बना हुआ है और अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना द्वारा जारी राजधानी पटना के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में ठंड और कोहरे का असर बना रहेगा। 7 से 11 जनवरी 2026 तक पटना में सुबह के समय मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। 7 जनवरी को अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री रहेगा, वहीं 8 और 9 जनवरी को न्यूनतम तापमान घटकर 9 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। 10 और 11 जनवरी को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार इस अवधि में सुबह 6:37 बजे सूर्योदय और शाम 5:15 से 5:18 बजे के बीच सूर्यास्त होगा। लगातार कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।







