पटना: पटना जिले में घने कोहरे और तेज रफ्तार का खतरनाक मेल एक परिवार की खुशियां उजाड़ गया। शुक्रवार सुबह बिक्रम थाना क्षेत्र के पटना–पालीगंज मार्ग पर अख्तियारपुर मझौली गांव के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित बस ने सड़क किनारे खड़े ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा सुबह उस समय हुआ जब पालीगंज के मखमिलपुर निवासी कन्हैया कुमार अन्य यात्रियों के साथ ऑटो से बिहटा की ओर जा रहे थे। अत्यधिक कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी, इसी वजह से ऑटो चालक ने सड़क किनारे वाहन रोककर शीशा साफ करना शुरू किया था। तभी बिक्रम की ओर से आ रही एक अज्ञात तेज रफ्तार बस ने खड़े ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो मलबे में तब्दील हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए बिक्रम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान मखमिलपुर निवासी कन्हैया कुमार के रूप में हुई है।
बिक्रम थाना अध्यक्ष प्रभात कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायलों का इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद कोहरे का फायदा उठाकर बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात बस के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारू कराया।







