
मुज्जफरपुर: मुजफ्फरपुर जिले में पटना-मुजफ्फरपुर एनएच न्यू बाईपास पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह से लौट रही दो कारों की टक्कर में 24 वर्षीय ओमप्रकाश कुमार, निवासी हाजीपुर, की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंधेरा अधिक होने और सड़क पर बने गड्ढों एवं खराब डिवाइडर के कारण पहले एक कार डिवाइडर पर चढ़ गई।
उसी दौरान पीछे से आ रही स्कॉर्पियो नियंत्रण खोकर खड्डे में पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। वहीं अन्य घायलों की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें पटना रेफर किया गया है।
मृतक के परिजन पिंटू कुमार ने आरोप लगाया कि एनएच पर गड्ढे, बोल्डर और निर्माण कार्य की लापरवाही हादसे की मुख्य वजह है। उन्होंने कहा कि यदि एनएचएआई समय पर सड़क की मरम्मत और सुरक्षा नियमों का पालन करता, तो यह दुर्घटना नहीं होती। परिजनों ने राज्य सरकार से सड़क हादसों की बढ़ती घटनाओं पर गंभीरता से ध्यान देने और लापरवाही कम करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।






