औरंगाबाद। भारतीय जनता पार्टी के औरंगाबाद के पूर्व जिला अध्यक्ष संजय मेहता ने बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री सम्राट चौधरी से उनके सरकारी आवास पंच नंबर देशरत्न मार्ग में मुलाकात की। मेहता ने चौधरी को राष्ट्रीय प्रतीक अशोक स्तंभ की प्रतिकृति भेंट करते हुए गृह विभाग की जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएँ दीं। मुलाकात के दौरान श्री मेहता ने राज्य की कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि औरंगाबाद जिला झारखंड की सीमा से सटा हुआ क्षेत्र है, इसलिए यहाँ सुरक्षा को मजबूत रखने के लिए विशेष सतर्कता जरूरी है।
उन्होंने सीमा इलाकों में अवैध खनन और अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई तथा पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बढ़ाने का आग्रह किया। श्री मेहता ने दाउदनगर अनुमंडल में अतिरिक्त थाना या नई पुलिस चौकी स्थापित करने की जरूरत बताई। साथ ही महिला हेल्पडेस्क और साइबर सेल को मजबूत करने, क्षेत्र में रात्री गश्ती बढ़ाने, प्रमुख मार्गों पर त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था विकसित करने तथा अपराध नियंत्रण के लिए संसाधन बढ़ाने की मांग रखी। उन्होंने दाउदनगर बाजार एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी कैमरों के विस्तार, मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधार और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सख्त निगरानी की आवश्यकता भी बताई।
युवाओं के बीच नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को गंभीर चिंता बताते हुए मेहता ने व्यापक नशा–विरोधी अभियान चलाने का सुझाव दिया। श्री मेहता ने गृह मंत्री से यह भी अनुरोध किया कि एक टोल-फ्री नंबर जारी किया जाए, ताकि आम नागरिक क्षेत्र में होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक सूचना को सीधे गृह विभाग तक पहुँचा सकें। इससे पुलिस और सरकार दोनों को त्वरित कार्रवाई में मदद मिलेगी।उपमुख्यमंत्री चौधरी ने सभी सुझावों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए कानून-व्यवस्था को सरकार की प्राथमिकता बताया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया। मुलाकात के दौरान यह विश्वास व्यक्त किया गया कि संयुक्त प्रयासों से सीमावर्ती क्षेत्रों तथा दाउदनगर अनुमंडल में सुरक्षा और व्यवस्था दोनों में सकारात्मक बदलाव होगा।







