Home बिहार राजद नेता के बेटे का शव घर के पीछे मिला, संदिग्ध हालात...

राजद नेता के बेटे का शव घर के पीछे मिला, संदिग्ध हालात में मौत से हड़कंप

341
0
RJD leader's son's body found behind house, death under suspicious circumstances causes panic

सहरसा: सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र से रविवार अहले सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नगर परिषद वार्ड नंबर 12 के ढाव गांव में राजद नगर अध्यक्ष सुरेंद्र यादव के 17 वर्षीय पुत्र प्रीतम कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रीतम का शव सुबह घर के पीछे चापाकल और बाथरूम के पास गिरा हुआ मिला। मृतक प्रीतम कुमार इंटरमीडिएट का छात्र था। वह पढ़ाई के साथ अपने पिता के राजनीतिक कार्यों में भी सहयोग करता था। परिजनों ने तत्काल उसे अनुमंडलीय अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, प्रीतम शनिवार की रात घर में ही सोया हुआ था। रविवार तड़के जब सुरेंद्र यादव की पत्नी नूतन देवी जागीं, तो उन्होंने देखा कि प्रीतम के कमरे का दरवाजा खुला हुआ है और वह बिस्तर पर नहीं था। पशुओं को चारा देने के बाद जब वे घर के पीछे स्थित बाथरूम और चापाकल की ओर गईं, तो उन्होंने देखा कि प्रीतम जमीन पर गिरा हुआ है। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुटे और तुरंत अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही सिमरी बख्तियारपुर थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार, इंस्पेक्टर मो. सुजाउद्दीन और एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी।

GNSU Admission Open 2026

एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का प्रतीत होता है। उन्होंने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारी ने बताया कि अभी तक परिजनों द्वारा किसी प्रकार का लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। गौरतलब है कि सुरेंद्र यादव, जो वर्तमान में राजद नगर अध्यक्ष हैं, करीब एक माह पहले गांव में हुई एक मारपीट की घटना में नामजद आरोपी बनाए गए थे। पुलिस अब इस मामले को हर कोण से जांच रही है ताकि मौत के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।






GNSU Admission Open 2026