Home राजनिति भाजपा का राहुल गांधी पर तंज — ‘59 दिनों से बिहार से...

भाजपा का राहुल गांधी पर तंज — ‘59 दिनों से बिहार से गायब’, जारी किया ‘गुमशुदा’ पोस्टर

394
0
BJP taunts Rahul Gandhi – 'Missing from Bihar for 59 days', releases 'Missing' poster

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी बिहार को नजरअंदाज कर रहे हैं और महागठबंधन में कांग्रेस को हाशिए पर ला दिया है। मालवीय ने राहुल गांधी की फोटो वाला एक एनिमेटेड ‘गुमशुदा’ (मिसिंग) पोस्टर भी साझा किया, जिस पर लिखा था- ‘गुमशुदा: 59 दिन पहले बिहार में देखा गया था’। मालवीय ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, करीब दो महीने हो गए राहुल गांधी को बिहार आए हुए। कोलंबिया में छुट्टियां मनाने और वीडियो ब्लॉग बनाने के बीच उन्हें न तो बिहारकी परवाह करने का वक्त मिला, न ही (विपक्षी) गठबंधन संभालने का।

परिणाम साफ है- महागठबंधन में अब कांग्रेस हाशिए पर है। उन्होंने आगे कहा, बिहार की जनता जानती है कि कांग्रेस-राजद को वोट देना मतलब उन लोगों को वोट देना है, जो बिहार के लिए काम नहीं करते, बल्कि मौका मिलते ही लूटते हैं। याद रखिए, लालू परिवार ने हमेशा अपना घर भरा, जबकि बिहार गरीब और उपेक्षित रहा। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज अपनी पहली चुनावी रैली संबोधित करेंगे। वह राजद नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव के साथ मुजफ्फरपुर और दरभंगा में संयुक्त रैली करेंगे।

GNSU Admission Open 2026

बिहार विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला राष्ट्रीय जनता दल के नेतृत्व वाले महागठबंधन और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के बीच होगा। महागठबंधन में कांग्रेस, भाकपा-माले, भाकपा, माकपा और मुकेश साहनी की विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) शामिल हैं। वहीं, राजग में भाजपा, जनता दल (यू), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं। इसके अलावा, प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने राज्य की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा किया है। विधानसभा चुनाव दो चरणों में छह और 11 नवंबर को होंगे और नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।





GNSU Admission Open 2026