पटना: भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए 14 सितंबर 2025 को बहरीन पहुंचे डॉ. भीम सिंह को अचानक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का सामना करना पड़ा। 15 सितंबर को अपने निर्धारित कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कर भारत का पक्ष मजबूती से रखने के बाद 16 सितंबर को वापसी की तैयारी के दौरान वे बाथरूम में बेहोश होकर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसके बाद उन्हें तत्काल बहरीन के किम हेल्थ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल वे चिकित्सकों की देखरेख में हैं। डॉक्टरों के अनुसार 18 सितंबर तक उनकी स्थिति यात्रा योग्य नहीं है, जिस कारण उनकी स्वदेश वापसी टल गई है।
डॉ. भीम सिंह ने बताया कि भारत सरकार, बहरीन सरकार, भारतीय दूतावास, अस्पताल के चिकित्सक व कर्मचारी तथा बहरीन में रह रहे भारतीय नागरिक लगातार उनका ध्यान रख रहे हैं। उन्होंने ईश्वर से जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि जैसे ही स्वास्थ्य अनुमति देगा, वे शीघ्र स्वदेश लौटेंगे।







