मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर में जन सुराज पार्टी द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम हंगामे की भेंट चढ़ गया। बताया जा रहा है कि नाश्ते को लेकर कुछ कार्यकर्ता मंच पर चढ़ गए और इस दौरान जमकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद कई लोग नाश्ता लेकर भागते दिखाई दिए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, मुजफ्फरपुर जिले के बरूराज विधानसभा क्षेत्र के फुलवरिया चौक के पास रविवार शाम जन सुराज पार्टी की बिहार बदलाव सभा का आयोजन किया गया था। शुरुआत में कार्यक्रम उत्साह और शांति से चला, लेकिन बाद में कार्यकर्ताओं के बीच नाश्ते को लेकर बहस हो गई। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और सभा स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पहले तो हल्की कहासुनी हुई, लेकिन फिर धक्का-मुक्की शुरू हो गई और मारपीट की नौबत आ गई।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि झड़प के दौरान एक युवक ने हेलमेट उठाकर दूसरे युवक पर हमला करने की कोशिश की। यह देखकर लोग घबरा गए और वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान कई लोग मंच पर चढ़ गए और कोने में रखे नाश्ते के पैकेट लेकर भागने लगे। माहौल बिगड़ता देख आयोजन समिति ने हस्तक्षेप किया और कार्यकर्ताओं को अलग कराकर स्थिति को किसी तरह शांत किया गया।







