डेहरी। गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा और अनुशासन गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है। उच्च स्तरीय शैक्षणिक वातावरण हेतु हर संभव व्यवस्था करने के लिए विश्वविद्यालय प्रबंधन कटिबद्ध है ।शुक्रवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय के देव मंगल सभागार में आयोजित दीक्षारम्भ कार्यक्रम में उपस्थित नवागंतुक छात्रों को संबोधित करते हुए कुलाधिपति गोपाल नारायण सिंह ने उक्त बातें कही। उन्होंने छात्रों से कहा कि आप हमारी व्यवस्था के अनुरूप तन्मयता से शिक्षा ग्रहण करें और अपने साथ ही विश्वविद्यालय का नाम भी रोशन करें।
इस अवसर पर संस्थान के कुलपति प्रो डाक्टर महेंद्र कुमार सिंह ने छात्रों का विश्वविद्यालय में स्वागत करते हुए कहा कि प्रबंधन द्वारा प्रदत्त सुविधाओं का भरपूर उपयोग कर अपने भविष्य के प्रति सजग रहें और यहां जिस निमित्त आए हैं उस उद्देश्य को प्राप्त करने के अपनी क्षमता अनुसार लग जाएं। दीक्षारम्भ को संबोधित करते हुए सचिव गोविंद नारायण सिंह ने नवागंतुक छात्रों से कहा कि आपने अपने भविष्य को संवारने के लिए गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय का चयन किया यह हमारे लिए गर्व का विषय है। आपके इस फैसले से हमारी जवाबदेही बढ़ी है और आपके भविष्य के प्रति विश्वविद्यालय परिवार पूरी तरह से सजग और संवेदनशील है।
इसके पूर्व सभी अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया और डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। दीक्षारम्भ कार्यक्रम को प्रति कुलपति प्रो डाक्टर जगदीश सिंह, कुलसचिव डॉ धर्मेन्द्र कुमार, परीक्षा नियंत्रक डॉ कुमार आलोक प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया और छात्रों का उत्साह वर्धन किया। इस अवसर पर छात्र कल्याण डीन डॉ अंशुमान, मुख्य प्रौक्टर डा ललितेश्वर प्रताप सिंह, सहायक कुल सचिव मिथिलेश कुमार सिंह,जन संपर्क अधिकारी भूपेन्द्र नारायण सिंह के अलावा सभी संकायों के अध्यक्ष,वरीय शिक्षक गण, कुलाधिपति के निजी सचिव कृष्णा साहु आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन नारायण कृषि विज्ञान संस्थान की शिक्षक डॉ ज्योति ने किया।अंत में राष्ट्र गान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।







