Home बिहार जन्माष्टमी पर मुंगेर को तोहफा, जमालपुर-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का हुआ शुभारंभ

जन्माष्टमी पर मुंगेर को तोहफा, जमालपुर-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का हुआ शुभारंभ

616
0
A gift to Munger on Janmashtami, Jamalpur-Howrah Vande Bharat Express inaugurated

मुंगेर: मुंगेर जिलेवासियों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार आज शनिवार को जमालपुर जंक्शन से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन हावड़ा के लिए रवाना होगी। जन्माष्टमी के अवसर पर यह ट्रेन लोगों के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है। देश की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन अब मुंगेर को सीधे हावड़ा से जोड़ेगी। जमालपुर जंक्शन के मॉडल स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर शुभारंभ समारोह का आयोजन किया गया है।

शनिवार दोपहर 3:30 बजे मुंगेर के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उद्घाटन के दिन यह ट्रेन विशेष रूप से चलाई जाएगी, जबकि 17 अगस्त से यह नियमित परिचालन में आ जाएगी। वंदे भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से जमालपुर, मुंगेर और आसपास के जिलों के यात्रियों को काफी सुविधा होगी। विशेष रूप से छोटे और मध्यम वर्गीय व्यापारियों को हावड़ा तक तेज और आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस ट्रेन के परिचालन से क्षेत्र के कारोबार और संपर्क को नई गति मिलेगी।

GNSU Admission Open 2026

जमालपुर से हावड़ा के बीच यह ट्रेन शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। लगभग 450 किलोमीटर की दूरी वंदे भारत एक्सप्रेस मात्र 6 घंटे 35 मिनट में तय करेगी। तेज रफ्तार और अत्याधुनिक सुविधाओं के कारण यह ट्रेन यात्रियों की पहली पसंद बनने जा रही है। उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर मालदा रेल मंडल प्रशासन ने जोरदार तैयारी की है। मालदा रेल मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने बताया कि स्टेशन परिसर की स्वच्छता और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। वहीं, मुंगेर के डीएम निखिल धनराज निपनिकर और पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने भी जमालपुर स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आरपीएफ की टीम स्टेशन पर लगातार सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त कर रही है।




GNSU Admission Open 2026