जहानाबाद: जहानाबाद के युवाओं के दिलों में देशभक्ति का जज्बा इस कदर हावी है कि मूसलाधार बारिश भी उनके कदम नहीं रोक सकी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से मंगलवार को 1100 मीटर लंबी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। यह यात्रा जिला मुख्यालय स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (एरोड्रम) से शुरू होकर अलगाना मोड़, काको मोड़, मेन रोड, अरवल मोड़, अस्पताल मोड़, अंबेडकर चौक होते हुए गांधी मैदान तक पहुंची।
रास्ते भर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से माहौल गूंजता रहा। बारिश से भीगने के बावजूद युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था। यात्रा का नेतृत्व कर रहे विक्रम कुमार ने कहा कि हमारे लिए तिरंगे का सम्मान सबसे ऊपर है, चाहे मौसम कैसा भी हो। जहानाबाद के युवाओं ने साबित कर दिया कि देशप्रेम किसी भी बाधा से बड़ा है। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री राधा मोहन शर्मा ने युवाओं के उत्साह को सलाम करते हुए कहा कि जहानाबाद के युवाओं ने इतिहास रच दिया है। समाजसेवी मृत्युंजय कुमार उर्फ भोला जी ने कहा कि जहानाबाद के लोग हर कठिन कार्य को कर दिखाने की क्षमता रखते हैं।
बारिश में भीगी सड़कों पर जब यह तिरंगा यात्रा गुजरी, तो जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कई स्थानों पर देशभक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों की धुन ने माहौल को और जोशीला बना दिया। प्रतिभागियों ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए काम करने का संकल्प लिया। यात्रा का समापन गांधी मैदान में हुआ, जहां सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर इस आयोजन को देश के नाम समर्पित किया। इस मौके पर समाजसेवी कुंदन शर्मा, श्याम कुमार, बिट्टू किंग, एबीवीपी के विभाग संयोजक गोपाल शर्मा, जिला संयोजक सुरजीत कुमार, शुभांकर कुमार, अनूप कुमार, शुभम गुप्ता, नवीन शंकर सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।







