तिरहुत: बिहार के मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के मझौलिया एनएच 28 के पास में एक साथ कई ट्रकों में टक्कर हो गई। टक्कर होने के बाद कुछ देर तक लोग कुछ समझ नहीं पाए कि ये क्या हो गया? इस दौरान ट्रक चालक प्रमोद कुमार ट्रक के केबिन पर बुरी तरह फंस गया। डेढ़ घंटे तक दर्द से कराहता रहा। बड़ी मुश्किल से गैस कटर से काटकर उसे बाहर निकाला गया। इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया।
घटना मुजफ्फरपुर-बरौनी हाइवे एनएच 28 की है। इसकी वजह से पांच किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। यात्री परेशान होते रहे जाम में। वहीं, घटना को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि देर शाम मझौलिया चौक एनएच 28 पर पहले से जाम में फंसे एक ट्रक में पीछे से तेज गति से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि सामने खड़े दो अन्य टैंकर भी आपस में भिड़ गए।
इससे इलाके में अफरा तफरी मच गई। इस दौरान में एक खाली ट्रक की टक्कर सीमेंट लोड ट्रक से हो गई। पूरे मामले में सदर थाना प्रभारी अश्मित कुमार ने बताया तीन ट्रक में टक्कर हुई थी, जिसमें एक ट्रक का चालक उसी में फंस गया था। उसे सुरक्षित निकाल लिया गया है और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एनएच पर जाम हो गया था उसे भी क्लियर कर लिया गया है। चालक का इलाज कराया जा रहा है अन्य किसी को चोट नहीं आई है।







