
मुंगेर: मुंगेर जिले के जमालपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत इंद्ररुख पश्चिमी के डकरा सत खजुरिया के पास गंगा के जलस्तर में वृद्धि के कारण डकरा नाला पंप नहर के लिए खोदे गए गड्ढे में पानी घुस गया। पानी के दबाव से निर्माण एजेंसी द्वारा बनाया गया अस्थायी बांध टूट गया, जिससे कटाव शुरू हो गया और कई घर गिरने के कगार पर आ गए। कटाव की जद में स्थानीय दुर्गा स्थान भी शामिल है।
गंगा का पानी गड्ढे में घुसने की सूचना पर जिलाधिकारी निखिल धनराज निपनिकर, सदर एसडीओ कुमार अभिषेक, जदयू जिलाध्यक्ष नचिकेता मंडल, कासिम बाजार थानाध्यक्ष रूबीकांत कच्छप, सफियाबाद थानाध्यक्ष अमरेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने तुरंत चारों ओर बांस-बल्ला लगाकर बैरिकेडिंग करवाई। ग्रामीणों ने जल संसाधन विभाग के अभियंताओं पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
उनका कहना है कि पंप हाउस के लिए खोदे गए गड्ढे के कारण अब सैकड़ों घर कटाव के खतरे में हैं और गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। सदर एसडीओ कुमार अभिषेक ने बताया कि गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण डकरा नाला के पास जल संसाधन विभाग के द्वारा पंप हाउस का निर्माण कार्य करवाया जा रहा था लेकिन पिछले एक सप्ताह से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण निर्माण स्थल पर पानी प्रवेश कर गया है। इस वजह से पंप हाउस का निर्माण कार्य रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से बचाव कार्य जारी हैं।






