
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित विजय छपरा गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई है। मृतका के परिजनों ने उसके पति और ससुरालवालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। बताया गया है कि महिला की हत्या तकिया से मुंह दबाकर की गई, ताकि उसकी चीखें बाहर न सुनाई दे सकें। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। वहीं, आरोपी पति और उसके परिजन घर छोड़कर फरार हो गए हैं। मृतका की पहचान सोनी कुमारी (25) के रूप में हुई है, जिसकी शादी बिरजू साहनी के साथ दस साल पहले हुई थी।
मृतका के परिजनों के अनुसार, शादी के बाद सोनी अक्सर अपने पति से घर चलाने के लिए पैसे मांगती थी। इस बात को लेकर बिरजू अक्सर सोनी के साथ मारपीट करता था। इससे तंग आकर सोनी ने खुद मजदूरी करना शुरू कर दिया, लेकिन उसके पति को यह बात नागवार गुजरती थी। मजदूरी करने को लेकर भी दोनों के बीच लगातार विवाद होते रहे। परिजनों ने बताया कि करीब छह महीने पहले बिरजू ने सोनी को जहर खिलाकर मारने की कोशिश की थी, लेकिन समय रहते उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया था। तब सोनी ने पुलिस में शिकायत नहीं करने की बात कही थी। लेकिन बीती रात एक बार फिर दोनों के बीच विवाद हुआ। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान बिरजू और उसके घरवालों ने मिलकर सोनी की हत्या कर दी।
मृतका की बहन के अनुसार, सोनी का शव अर्धनग्न हालत में चौकी पर पड़ा था, जिसे देखकर परिजन सन्न रह गए। उन्होंने बताया कि अंतिम बार देर रात को सोनी से बात हुई थी और सुबह उसकी लाश मिली। परिजनों ने आरोप लगाया कि तकिया से मुंह दबाकर सोनी की हत्या की गई ताकि किसी को आवाज सुनाई न दे। घटना की सूचना मिलने के बाद अहियापुर थानाध्यक्ष रोहन कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम से भी मदद ली जा रही है ताकि सबूत जुटाए जा सकें। थानाध्यक्ष ने कहा कि मृतका के पिता और बहन के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उनकी शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश के लिए छापामारी की जा रही है।






