Home बिहार खेलने निकले 12 वर्षीय किशोर का शव झाड़ियों में मिला, परिजनों ने...

खेलने निकले 12 वर्षीय किशोर का शव झाड़ियों में मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

491
0
The body of a 12-year-old boy who had gone out to play was found in the bushes, family members suspect murder

समस्तीपुर: समस्तीपुर के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब झाड़ियों से एक 12 वर्षीय किशोर का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धुरलख वार्ड संख्या 31 निवासी मोहम्मद मुस्तकीम के पुत्र मोहम्मद सैफ के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, मोहम्मद सैफ सोमवार शाम घर से खेलने के लिए निकला था। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन वह नहीं मिला। मंगलवार की सुबह लगभग चार बजे स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि गंगापुर गांव में एक गड्ढे के पास झाड़ियों में एक बच्चे का शव पड़ा हुआ है।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान मोहम्मद सैफ के रूप में की। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मुसरीघरारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के पिता मोहम्मद मुस्तकीम ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या जमीनी विवाद के चलते की गई है। उन्होंने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों से 12 कट्ठा जमीन को लेकर पिछले आठ वर्षों से विवाद चला आ रहा है। उनका कहना है कि हत्या इसी रंजिश के तहत की गई है। मोहम्मद सैफ गांव के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, धुरलख में सातवीं कक्षा का छात्र था।

GNSU Admission Open 2026

उसके असमय निधन से पूरे गांव में शोक की लहर है। मुसरीघरारी थाना के एसआई रंगीला शाह ने बताया कि सुबह शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव एक गड्ढे के पास झाड़ियों में पड़ा हुआ था। एसआई शाह ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि किशोर की हत्या कर शव को गड्ढे में डुबो दिया गया है। हालांकि, सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल, मृतक के परिजनों की ओर से पुलिस को अभी तक कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।


GNSU Admission Open 2026