
मुज्जफरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र के सादातपुर गांव में एक डेयरी वैन चालक की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में उसके ही घर के एक कमरे से बरामद हुई है। मृतक अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ उसी घर में रहता था। स्थानीय लोगों के अनुसार, घर से दुर्गंध आने पर उन्हें शक हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कांटी थाना पुलिस ने जब बंद कमरे का दरवाजा खोला, तो उसका शव सड़ी-गली अवस्था में बरामद हुआ।
अनुमान है कि उसकी मौत दो दिन पहले हो चुकी थी। परिजनों ने उसकी पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उसकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध था, जिसका मृतक विरोध करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। परिजनों का आरोप है कि इसी वजह से पत्नी ने उसकी हत्या कर दी और बच्चों को लेकर फरार हो गई। मृतक के शरीर पर गहरे चोट के निशान भी पाए गए हैं, जिससे परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
मृतक ने कुछ वर्ष पूर्व अपनी मर्जी से एक शादीशुदा महिला से विवाह किया था। दोनों के दो बच्चे भी हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटा रही है। इस मामले में डीएसपी वेस्ट सुचित्रा कुमारी ने बताया कि युवक की लाश संदिग्ध हालात में उसके घर से मिली है। परिजनों ने पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।






