
गया जी: गया जिले के इमामगंज प्रखंड अंतर्गत कोठी थाना क्षेत्र के तेलवारी गांव में गुरुवार देर रात एक वृद्ध की कुल्हाड़ी और धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। 85 वर्षीय जगदीश साव, पिता स्वर्गीय गुलाबचंद साव, घर में सोए हुए थे तभी अज्ञात अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है। जानकारी के अनुसार, वृद्ध अपने घर के बरामदे में चौकी पर सो रहे थे। रात करीब 3 बजे अज्ञात हमलावर घर में घुसे और सोते समय उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिजन जागे और दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
खून से लथपथ अवस्था में उन्हें इलाज के लिए ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि मृतक जगदीश साव के पड़ोसियों से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। हाल ही में गांव में एक व्यक्ति की असामयिक मृत्यु हुई थी, जिसके बाद गांव में अफवाहें फैलीं कि मृतक ओझा-गुनी है और उसी के कारण वह मृत्यु हुई। परिजनों का आरोप है कि इसी संदेह के आधार पर पड़ोसियों ने साजिश रचकर उनकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बावजूद पुलिस पांच घंटे बाद मौके पर पहुंची, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर पहुंचती, तो अपराधियों को पकड़ा जा सकता था। ग्रामीणों ने इसे पुलिस की गंभीर लापरवाही बताया है और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। इमामगंज एसडीपीओ अमित कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात अपराधियों ने एक वृद्ध की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए गया मगध मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। घटना की जांच के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। हत्या के बाद गांव में भय और आक्रोश व्याप्त है। परिजन बेसुध हैं और बार-बार बेहोश हो जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं गांव के सामाजिक ताने-बाने को तोड़ रही हैं। सभी ने प्रशासन से दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।






