मुजफ्फरपुर: वैशाली के बिदुपुर थाना क्षेत्र के चकसिकंदर बाजार में एक युवक को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में युवक को सड़क पर तड़पता देख स्थानीय लोगों ने उसे बिदुपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर होने पर उसे हाजीपुर सदर अस्पताल रैफर कर दिया गया। घायल युवक की पहचान चकसिकंदर बाजार निवासी प्रेम पंडित के 23 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है।
राहुल ने बताया कि छह महीने पहले उसकी इंस्टाग्राम पर देसरी की रहने वाली एक लड़की से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होती रहती थी। इस बात की जानकारी जब लड़की के भाई अमन को हुई, तो उसने राहुल को कई बार धमकाया। अमन ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसे चकसिकंदर बाजार बुलाया और वहां उसकी गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल राहुल को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया।
फिलहाल राहुल का इलाज हाजीपुर सदर अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस संबंध में बिदुपुर थाना अध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि मुझे घटना की जानकारी नहीं दी गई है और अब तक किसी व्यक्ति द्वारा कोई औपचारिक सूचना नहीं मिली है। मामले की जांच करवाई जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।







