Home बिहार यातायात पुलिस की लापरवाही से एक युवक की मौत

यातायात पुलिस की लापरवाही से एक युवक की मौत

404
0
A young man died due to the negligence of the traffic police

आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर किया हंगामा

सासाराम। रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम से यातायात पुलिस की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। शहर के गौरक्षणी मोहल्ले में महावीर मंदिर के समीप शुक्रवार की सुबह नो एंट्री में घुसे एक ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर हीं उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के करमडिहरी गांव निवासी अनिल चौधरी के 20 वर्षीय पुत्र गौरव कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मृतक गौरव कुमार अपने बाइक से कोचिंग जा रहा था, तभी महावीर मंदिर के समीप एक ट्रक ने उसे कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर हीं युवक की मौत हो गई। वहीं घटना के बाद ट्रक चालक भीड़भाड़ वाले इलाके से ट्रक लेकर आराम से फरार हो गया, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

GNSU Admission Open 2026

सड़क जाम कर लोगों ने किया प्रदर्शन

घटना के तुरंत बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सासाराम आरा पथ को पूरी तरह से जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि नो एंट्री के बावजूद अक्सर पूरे दिन शहर में ट्रकों का परिचालन होता रहता है। अगर यातायात पुलिस द्वारा नो एंट्री का अनुपालन सख्ती से किया जाता तो युवक की जान बच सकती थी। इस दौरान आक्रोशित लोग एसपी को घटनास्थल पर बुलाने, पीड़ित परिवार को मुआवजा देने एवं दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
विज्ञापन

डीएसपी के आश्वासन पर हटे लोग

इधर, घटना की सूचना मिलते हीं सदर एसडीएम आशुतोष रंजन एवं डीएसपी 1 दिलीप कुमार अपने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और लोगों को समझा बूझाकर सड़क से हटाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद प्रशासन ने आश्वासन देकर लोगों को सड़क से हटाया, जिससे यातायात सामान्य रूप से बहाल हो सका। गौरतलब हो कि घटना के पीछे यातायात पुलिस की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। दरअसल शहर में सुबह 7 बजे से लेकर रात 8 बजे तक नो एंट्री के तहत बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित है, बावजूद इसके लगभग 8 बजे शहर के व्यस्त इलाके गौरक्षणी में एक ट्रक से हुई दुर्घटना ने यातायात पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। बता दें कि शहर में यातायात पुलिस की मिली भगत से भारी वाहनों का छिटपुट प्रवेश होता रहता है, जिसके कारण अक्सर इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

GNSU Admission Open 2026