Home बिहार राजद नेत्री बीमा भारती के पति पर FIR, शख्स के अपहरण और...

राजद नेत्री बीमा भारती के पति पर FIR, शख्स के अपहरण और मारपीट का आरोप

447
0
FIR against RJD leader Bima Bharti's husband, accused of kidnapping and assaulting a man

पूर्णिया: पूर्णिया में राजद नेत्री और पूर्व विधायक बीमा भारती के पति अवधेश मंडल पर गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि उन्होंने एक व्यक्ति, राम बल्लभ मंडल उर्फ भोला मंडल, को अगवा कर बेरहमी से मारपीट की। यह घटना भवानीपुर थाना क्षेत्र में हुई। घायल राम बल्लभ मंडल को इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। यहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल राम बल्लभ मंडल ने बताया कि यह विवाद जमीन के मामले को लेकर है, जिसमें पांच साल पहले भी अवधेश मंडल और उनके साथियों ने उन्हें मारा था।

उस समय उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन बाद में पैसे के लेनदेन के कारण मामला सुलझा लिया था। हाल ही में, जब राम बल्लभ मंडल अपने घर से भवानीपुर बाजार की ओर जा रहे थे, तभी अवधेश मंडल अपने गुर्गों के साथ आए और उन्हें जबरन बंधक बना लिया। इसके बाद उन्हें अपने घर ले जाकर गंभीर रूप से पीटा गया। इस घटना के बाद, राम बल्लभ मंडल ने पुलिस और रूपौली विधायक शंकर सिंह को सूचित किया।

GNSU Admission Open 2026

उन्होंने भवानीपुर थाने में अवधेश मंडल और उनके साथियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, राम बल्लभ मंडल की पत्नी ने कहा कि कुछ दिन पहले बीमा भारती उनके घर आई थीं और चुनाव में समर्थन देने का आग्रह किया था। पूर्व विधायक बीमा भारती ने इस मामले पर अपनी अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि उन्हें इस तरह की किसी घटना की जानकारी नहीं है। भवानीपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने पुष्टि की है कि पीड़ित की ओर से आवेदन मिलने पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

GNSU Admission Open 2026