
वैशाली: वैशाली में पुलिस अभिरक्षा में एक शख्स की मौत हो गई। मृतक की पहचान कटहरा थाना क्षेत्र के किशुनपुर तिलौर गांव निवासी वैद्यनाथ साहनी (55 ) के रूप में की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार वाले सदर अस्पताल पहुंच गए। घटना हाजीपुर की है। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि वैद्यनाथ साहनी को कटारा एवं गंगा ब्रिज थाना की पुलिस ने बीते बुधवार की दोपहर में ट्रैक्टर चोरी के मामले में गिरफ्तार की थी।
उसके निशान देही पर चोरी किया गया ट्रैक्टर भी बरामद किया गया। लेकिन अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई। आननफानन में थाना की पुलिस ने वैद्यनाथ साहनी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां डॉक्टर ने वैद्यनाथ साहनी को मृत घोषित कर दिया। कैदी की मौत के बाद पुलिस प्रशासन ने सदर अस्पताल को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
परिजनों ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया है। इस संबंध में सदर-1 एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर चोरी के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लाया गया था। उसके निशानदेही पर ट्रैक्टर भी बरामद किया गया। तबीयत खराब होने के बाद उसे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनकी मौत हो गई। मजिस्ट्रेट की निगरानी में शव की पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।






