BPSC Teacher Vacancy 2025: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने दिव्यांग बच्चों को शिक्षा देने के लिए 7279 विशेष शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के तहत कक्षा 1 से 5 तक के लिए 5534 पद और कक्षा 6 से 8 तक के लिए 1745 पद शामिल हैं। योग्य उम्मीदवार 2 जुलाई से 28 जुलाई 2025 तक BPSC की वेबसाइट bpsconline.bihar.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। बिहार विशेष विद्यालय अध्यापक भर्ती के तहत कक्षा 1 से 5 के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास न्यूनतम 50% अंकों के साथ 12वीं पास की योग्यता होनी चाहिए। इसके साथ ही, उन्हें भारतीय पुनर्वास परिषद (RCI) से मान्यता प्राप्त संस्थान से विशेष शिक्षा में डी.एल.एड (D.El.Ed) का कोर्स किया होना चाहिए और वैध सीआरआर (CRR) नंबर भी अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थी ने अंतर दिव्यांगता क्षेत्र में कम से कम 6 माह का अध्यापन प्रशिक्षण प्राप्त किया होना चाहिए।
वहीं, कक्षा 6 से 8 के लिए उम्मीदवारों के पास न्यूनतम 50% अंकों के साथ स्नातक (Graduation) की डिग्री होनी चाहिए, साथ ही विशेष शिक्षा में बी.एड (B.Ed) भी RCI से मान्यता प्राप्त संस्थान से किया होना चाहिए और वैध सीआरआर नंबर अनिवार्य है। इस श्रेणी के लिए भी अंतर दिव्यांगता क्षेत्र में 6 माह का अध्यापन प्रशिक्षण अनिवार्य है।
बिहार विशेष विद्यालय शिक्षक भर्ती 2025 के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है। अधिकतम आयु सीमा श्रेणियों के अनुसार अलग-अलग तय की गई है। सामान्य वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 37 वर्ष है, जबकि ओबीसी, अत्यंत पिछड़ा वर्ग और सभी वर्गों की महिलाओं के लिए यह सीमा 40 वर्ष रखी गई है। वहीं, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 42 वर्ष निर्धारित की गई है।
इस विशेष शिक्षक भर्ती के अंतर्गत उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में अतिरिक्त 10 वर्षों की छूट प्रदान की गई है। यानी सामान्य शिक्षक भर्ती में जहां अधिकतम आयु 37 वर्ष है, वहीं विशेष शिक्षक भर्ती में यह सीमा बढ़कर 47 वर्ष तक हो सकती है। इससे अधिक आयु के पात्र अभ्यर्थियों को भी आवेदन का अवसर मिलेगा।







