रोहतास: तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में एक केमिकल फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट मामले में रोहतास जिले के भी चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायल काराकाट प्रखंड के ग्राम अमरथा के निवासी हैं जो अपने गांव से एक साथ फैक्ट्री में काम करने के लिए गए थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार अमरथा गांव निवासी शिवजी पासवान के पुत्र डब्लू पासवान गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि अन्य तीन लोगों में दिलीप गोसाईं, नागा पासवान एवं दीपक पासवान अभी तक लापता बताए जाते हैं।
इधर, घटना के बाद अमरथा गांव में कोहराम मचा हुआ है और घायल मजदूरों के परिजन किसी अनहोनी की आशंका में घबराए हुए हैं। तेलंगाना केमिकल्स फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में घायल मजदूरों के संदर्भ में जब भीम आर्मी नेता अमित पासवान ने जिलाधिकारी उदिता सिंह से बात की तो उन्होंने हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है। अमित पासवान ने कहा कि घटना की सूचना मिलते हीं डीएम ने त्वरित एक्शन लेते हुए बिहार भवन दिल्ली में श्रम विभाग के पदाधिकारियों के माध्यम से तेलंगाना के सांगारेड्डी डीएम से संपर्क स्थापित किया और रोहतास के घायल मजदूरों को सहयोग करने की बात कही।
बता दें कि तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में स्थित सिगाची केमिकल फैक्ट्री में सोमवार की सुबह अचानक ब्लास्ट हुआ और फैक्ट्री के कई हिस्सों में आग लग गई, जिसमें कई मजदूरों की मौत तथा कई लोगों के घायल होने की जानकारी प्राप्त हुई है। फैक्ट्री के रिएक्टर में हुआ ब्लास्ट इतना जोरदार था कि काम कर रहे कई लोग दूर जा गिरे। फिलहाल तेलंगाना पुलिस राहत बचाव कार्य में जुटी है और घायलों का इलाज चल रहा है।







