Home बिहार कुंभ मेले में लापता हुईं 72 वर्षीय रामपरी देवी चार महीने बाद...

कुंभ मेले में लापता हुईं 72 वर्षीय रामपरी देवी चार महीने बाद सकुशल लौटीं, परिवार में दौड़ी खुशी की लहर

566
0
72-year-old Rampari Devi, who went missing at the Kumbh Mela, returned safely after four months, a wave of happiness ran in the family

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के नगर थाना क्षेत्र के सरैयागंज मोहल्ला निवासी 72 वर्षीय रामपरी देवी चार महीने बाद सकुशल अपने घर लौट आई हैं। रामपरी देवी 20 फरवरी को अपने परिवार के साथ कुंभ मेले में स्नान के लिए गई थीं, जहां से वे अचानक लापता हो गईं थीं। उनके वापस लौटने से परिजनों और मोहल्ले में खुशी का माहौल है। परिजनों के अनुसार, रामपरी देवी के गायब होने के बाद लगातार कई जिलों—वैशाली, समस्तीपुर, मोतिहारी, शिवहर, दरभंगा और सीतामढ़ी—में उनकी खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। उनके बड़े बेटे उपेंद्र महतो, जो हिंदुस्तान यूनीलिवर में कार्यरत हैं, ने बताया कि दो दिन तक खोजबीन के बाद नगर थाना में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

कई महीनों की तलाश के बाद परिजनों को 28 जून को समाचार पत्र के माध्यम से जानकारी मिली कि समस्तीपुर जिले के वरिषनगर इलाके में एक लापता बुजुर्ग महिला रह रही हैं। सूचना मिलते ही परिजन वहां पहुंचे और रामपरी देवी को पहचानकर घर लेकर आए। रामपरी देवी के परिवार में दो बेटे, दो बेटियां और पांच पोते-पोतियां हैं। बेटे उपेंद्र महतो और सुरेंद्र महतो ने बताया कि उनकी मां भगवान शिव की बड़ी भक्त हैं और उन्हें पूरा विश्वास था कि एक न एक दिन मां जरूर वापस लौटेंगी। रामपरी देवी की बहू रीता देवी ने बताया कि मां के बिना घर बिल्कुल सूना हो गया था। अब उनके लौट आने से घर में रौनक लौट आई है और पूरा परिवार उनकी सेवा में लगा है। परिजनों ने प्रशासन और स्थानीय लोगों का धन्यवाद भी किया, जिन्होंने खोजबीन में सहयोग दिया। बुजुर्ग महिला के लौटने से इलाके में भी खुशी और सुकून का माहौल है।




GNSU Admission Open 2026
GNSU Admission Open 2026