पटना: राजधानी पटना और आसपास के इलाकों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला मोकामा प्रखंड के मरांची थाना क्षेत्र स्थित शेरपुर गांव से सामने आया है, जहां अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब सात लाख रुपये की बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित सुजीत सिंह अपने परिवार के साथ पटना में रहकर ठेकेदारी का कार्य करते हैं।
वे पिछले कई दिनों से शेरपुर स्थित अपने घर को बंद कर पटना में ही थे। इस बीच दो से तीन की संख्या में चोर दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने घर में रखी दस अलमारियों को तोड़कर करीब 65 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण समेत लगभग सात लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना की जानकारी सुजीत के भाई को सुबह सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद हुई, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने पर मरांची थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। साथ ही पटना से एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी) की टीम को भी बुलाया गया है। मरांची थाना अध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है। जल्द ही घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर दहशत का माहौल है और वे पुलिस से लगातार गश्ती बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।







