
भीड़भाड़ वाले बाजार में भी ट्रकों की गति नहीं थमती है। इसी का नतीजा गुरुवार को सीवान के मैरवा बाजार में सामने आया। ठेले को उड़ाते हुए छह लोगों को ट्रक ने कुचल दिया।
मैरवा थाना क्षेत्र के मैरवा बाजार में गुरुवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने अचानक बेकाबू होकर पाँच राहगीरों और एक ठेला चालक को जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे से गुस्साए स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रक का पीछा कर ड्राइवर को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही मैरवा सर्किल इंस्पेक्टर दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने भीड़ से ट्रक ड्राइवर को छुड़ाया और उसे हिरासत में लेकर थाने ले गए। पुलिस फिलहाल ट्रक चालक से पूछताछ कर रही है
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रक बहुत तेज रफ्तार में था और बाजार में घुसते ही चालक का नियंत्रण खो गया। इस दुर्घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जाँच कर रही है और ट्रक को जब्त कर लिया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की है।






