Home बिहार पटना के बाद मुजफ्फरपुर में मुठभेड़, फायरिंग में दो बदमाशों को लगी...

पटना के बाद मुजफ्फरपुर में मुठभेड़, फायरिंग में दो बदमाशों को लगी गोली

475
0
After Patna, there was an encounter in Muzaffarpur, two criminals got shot in the firing

बिहार: पटना के बाद अब मुजफ्फरपुर में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है, जिसमें दो अपराधियों को गोली लगी है। घायल अपराधियों का एक बड़ा गैंग है और दोनों द्वारा इस इलाके में सीएसपी केंद्रों में लगातार लूट की घटनाएं अंजाम दी जा रही थीं। यह घटना जिले के पारू थाना क्षेत्र में घटित हुई है। मौके पर एसएसपी सुशील कुमार और एसडीपीओ सरैया कुमार चंदन पहुंचे। पुलिस की गोली से घायल इन दोनों अपराधियों का इलाज अभी मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है और दोनों की स्थिति स्थिर है।

बताया जा रहा है कि दोनों अपराधियों पर दो दर्जन से अधिक लूट और अन्य अपराधों के मामले दर्ज हैं। हाल ही में जिले के सरैया अनुमंडल क्षेत्र में जितनी भी लूट की घटनाएं हुई हैं, उनमें यह दोनों शामिल रहे हैं। पुलिस की जांच में पता चला है कि ये दोनों अपराधी मोतिहारी और मुजफ्फरपुर में लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। इस मामले में एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि हाल ही में जिले के सरैया अनुमंडल क्षेत्र में सीएसपी केंद्रों से लगातार लूट की घटनाओं में इजाफा हुआ था। इन घटनाओं के पीछे सूरज सहनी और नीरज ठाकुर का हाथ था। पुलिस इन दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही थी।

GNSU Admission Open 2026

इसी दौरान इन्हें पकड़ा गया था, लेकिन टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर दोनों भाग गए और आसपास छिप गए। इसके बाद पुलिस ने इन दोनों को घेराबंदी कर लिया। जब दोनों अपराधियों ने पुलिस को घिरा हुआ देखा तो उन्होंने फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई, जिससे दोनों को गोली लगी। पुलिस का कहना है कि अभी दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है और उनकी स्थिति स्थिर है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। सूरज सहनी और नीरज दोनों ही कुख्यात अपराधी हैं और इनके खिलाफ मुजफ्फरपुर और मोतिहारी में लूट, डकैती सहित कई मामले दर्ज हैं।

GNSU Admission Open 2026