
बिहार: गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़का मौजे गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर मीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया। मामले में पुलिस ने मृतका के पति सहित तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतका की पहचान मनीष सोनी की 22 वर्षीय पत्नी प्रीति कुमारी के रूप में की गई है। प्रीति की शादी इसी साल 23 अप्रैल को कुचायकोट थाना क्षेत्र के कुचायकोट गांव निवासी मनोज प्रसाद की एकलौती बेटी के रूप में, मीरगंज के बड़का मौजे गांव निवासी श्री भगवान सोनी के पुत्र मनीष सोनी के साथ धूमधाम से हुई थी।
प्रीति के पिता मनोज प्रसाद ने आरोप लगाया कि शादी में तय सभी उपहार व नगद राशि देने के बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा बुलेट बाइक और सोने की चेन की अतिरिक्त मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। कई बार समझौते की कोशिश की गई, लेकिन प्रीति को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा। पिता ने बताया कि कुछ दिन पहले प्रीति की तबीयत बिगड़ी थी और खून की कमी पाई गई थी, लेकिन ससुराल पक्ष ने उसका समुचित इलाज नहीं कराया। रविवार की देर रात प्रीति अपनी मां से फोन पर बात कर रही थी और कुछ बताना चाह रही थी, तभी उसका पति फोन छीन लिया। थोड़ी देर बाद पति ने ही फोन कर जानकारी दी कि प्रीति को खून की उल्टी हुई और उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
मनोज प्रसाद ने आशंका जताई है कि उनकी बेटी को जहर देकर मार डाला गया है। उन्होंने प्रीति के पति सहित ससुराल वालों पर साजिशन हत्या का आरोप लगाया है। मामले में मीरगंज थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हुई है। परिजनों के आरोप के आधार पर जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट का इंतजार है। फिलहाल तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुटी हुई है।






