
बिहार: खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत महद्दीपुर गांव सोमवार की सुबह मां-बेटे के दोहरे हत्याकांड से सनसनी मच गई। अपराधियों ने 45 वर्षीय फूला देवी और उनके लगभग 25 वर्षीय बेटे पंकज सिंह की बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। इस दोहरे हत्याकांड के पीछे 2014 से चला आ रहा छह बीघे जमीन का विवाद है। इसने अब तक कुल छह जिंदगियां लील ली है।
परिजनों के अनुसार, रविवार देर रात करीब एक बजे पांच से छह हमलावर फूला देवी के घर में घुस गए। उन्होंने पहले फूला देवी को नाक के पास गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया है। इसके बाद उनके बेटे पंकज को पीछे से गोली मारी और फिर धारदार हथियार से उसका सिर काटकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पुलिस इस जमीन विवाद को गंभीरता से लेती तो शायद यह खूनी वारदात टाली जा सकती थी। ग्रामीणों ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई और अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
मृत परिवार का गांव के ही कुछ लोगों से वर्षों से जमीन संबंधी विवाद चल रहा था। इस मामले को लेकर कई बार पंचायतें भी हुईं और थाने में भी शिकायतें दर्ज कराई गईं। लेकिन, कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका। घटना की सूचना मिलते ही पसराहा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर दिया। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है। पसराहा थानेदार संजय कुमार विश्वास ने बताया कि मां और बेटे की हत्या हुई है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।






