Home बिहार बिहार: उपेंद्र कुशवाहा को लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी देने वाला...

बिहार: उपेंद्र कुशवाहा को लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी देने वाला निकला पूर्व सहयोगी, पुलिस ने दबोचा

510
0
Bihar: The person who threatened Upendra Kushwaha in the name of Lawrence Bishnoi turned out to be a former associate, police arrested him

पटना : राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर जान से मारने की धमकी देने वाला व्यक्ति उनकी ही पार्टी का पूर्व कार्यकर्ता निकला। पटना पुलिस ने शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान राकेश कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के सीवान जिले का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार, राकेश कुमार कुछ समय पहले तक उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी से जुड़ा हुआ था।

बताया जा रहा है कि वह कुशवाहा के हालिया किसी राजनीतिक बयान से नाराज था। इसी नाराजगी के चलते उसने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल कर उन्हें धमकी दी। उल्लेखनीय है कि बीते गुरुवार को उपेंद्र कुशवाहा को दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लगातार सात धमकी भरे कॉल और एक मैसेज मिला था। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए इस बात की जानकारी साझा की और पटना के एसएसपी से मामले में कार्रवाई की मांग की थी। धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए चेतावनी दी थी कि यदि कुशवाहा एक खास राजनीतिक दल के खिलाफ बयानबाजी जारी रखते हैं तो उन्हें 10 दिन के भीतर अंजाम भुगतना पड़ेगा।

GNSU Admission Open 2026

पटना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की और 48 घंटे के भीतर आरोपी राकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई वास्तविक संबंध नहीं है। उसने केवल डर पैदा करने के लिए उस नाम का इस्तेमाल किया था। फिलहाल पुलिस राकेश कुमार से पूछताछ कर रही है और उसके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।


GNSU Admission Open 2026