3 barrels and 28 cartridges recovered from an iron shop in Chainpur, shopkeeper arrested

चैनपुर/कैमूर: चैनपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर चैनपुर बाजार के कस्बा मोहल्ले में एक लोहे एवं ग्रिल बनाने वाली दुकान पर छापेमारी कर हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले सामान, तीन बैरल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने दुकान संचालक मोहम्मद असगर अली को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार, गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि मोहम्मद असगर अली की दुकान से कथित तौर पर हथियार और कारतूस की अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने दुकान पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति दुकान से निकलकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

GNSU Admission Open 2026

दुकान से तीन बैरल और उपकरण बरामद

पुलिस ने दुकान की तलाशी ली, जहां से देशी कट्टा के दो बैरल और .312 बोर राइफल का एक बैरल बरामद हुआ। इसके अलावा ड्रिल मशीन, कटर मशीन और हथौड़ी समेत अन्य उपकरण भी मिले। बरामद बैरल और उपकरणों से संबंधित लाइसेंस या वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

घर से जिंदा कारतूस मिले

इसके बाद पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी ली। पुलिस के मुताबिक, एक कमरे में रखे टीन के बक्से से 8 एमएम केएफ अंकित 20 जिंदा कारतूस, 12 बोर के पांच जिंदा कारतूस और 12 बोर के तीन खोखे बरामद किए गए। इनमें दो कारतूस जले और काले पाए गए। कारतूस रखने से संबंधित लाइसेंस भी आरोपी प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने दुकान में मिली बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल को भी संदिग्ध मानते हुए जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, वाहन के कागजात को लेकर भी आरोपी संतोषजनक दस्तावेज नहीं दिखा सका।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर दुकान में कट्टा और राइफल से संबंधित उपकरण बनाने तथा उनकी बिक्री करने की बात बताई है। बरामद सामान के आधार पर पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण और बिना वैध दस्तावेज के कारतूस रखने की आशंका जताई है।

आरोपी को गिरफ्तार कर चैनपुर थाना लाया गया है। पुलिस ने बरामद सामान को जब्ती सूची के तहत सील कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।